सी एस पाण्डेय
बभनी ( सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के अरझट गांव के मजीठ टोला में शुक्रवार भोर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में चारपाई पर सो रही एक साल की मासूम बच्ची को कोबरा ने डस लिया। सर्पदंश से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, ज्ञान सिंह की एक वर्षीय पुत्री अंजू शुक्रवार भोर करीब 4 बजे घर के अंदर चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान एक कोबरा सांप वहां पहुंच गया और मासूम को डस लिया। जब मां कमरे में गई तो चारपाई के पास कोबरा को देखकर चीख उठी। चीख सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन तब तक मासूम दम तोड़ चुकी थी।
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के एक भाई और एक बहन थे, बहन की मौत के बाद अब परिवार में सिर्फ भाई ही बचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









