वार्डों में विकास कार्य नहीं कराने और कागजों पर काम दिखाकर धन निकालने का आरोप, इस्तीफा न माना तो मंडलायुक्त के पास जाने की चेतावनी
सोनभद्र। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में अध्यक्ष के कामकाज को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। नगर पंचायत के आठ सभासदों ने अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता (जेई) पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। सभासदों ने 19 नवंबर को जिलाधिकारी को संबोधित त्यागपत्र सौंपकर उसे स्वीकार करने की मांग की है। इसके साथ ही शपथपत्र भी प्रस्तुत किया है।
सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष मनमाने तरीके से काम कर रही हैं। वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं, जबकि कागजों पर काम पूरा दिखाकर सरकारी धन निकाल लिया जा रहा है। सभासदों का कहना है कि उनके वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों की मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है। अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और जेई के कार्यों से क्षुब्ध होकर उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।
सामूहिक त्यागपत्र और शपथपत्र पर वार्ड एक के सूरज चंद्रवंशी, वार्ड दो की ऊषा देवी, वार्ड तीन के रूपेश कुमार, वार्ड छह के अजय सिंह, वार्ड सात के विशाल सिंह, वार्ड आठ की पार्वती देवी, वार्ड नौ के अशफाक कुरैशी और वार्ड 10 की आरती देवी के नाम शामिल हैं। इनमें महिला सभासद स्वयं जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं, बल्कि उनके अभिभावक त्यागपत्र से संबंधित कागजात लेकर पहुंचे थे। सभासदों ने जिलाधिकारी से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
सभासदों ने कहा है कि यदि जिलाधिकारी स्तर से उनका त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया जाता है तो वे अपनी मांग लेकर मंडलायुक्त के पास जाएंगे। इस सामूहिक इस्तीफे से नगर पंचायत की अंदरूनी खींचतान सामने आ गई है। हालांकि, सभासदों के आरोपों पर जांच और त्यागपत्र स्वीकार किए जाने को लेकर प्रशासन का रुख सामने आना बाकी है।









