मुझको अबला मत समझो मैं झांसी वाली रानी हूँ… कवियों की महफिल में गूंजा वीर रस

IMG 20261119 WA0011
IMG 20261119 WA0011

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बार एसोसिएशन सभागार में रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर काव्य संध्या, ओज देशभक्ति की रचनाओं ने बांधा समां

सोनभद्र। बार एसोसिएशन सभागार कचहरी में सजी कवियों की महफिल में झांसी की रानी महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की संध्या पर काव्य पुष्पों से राष्ट्रसेवा में सर्वस्व अर्पण करने वाली महानायिका को याद किया गया। कवियों ने एक से बढ़कर एक वीर रस, ओज और राष्ट्रवाद की रचनाओं से समां बांध दिया। अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव ने की व मुख्य अतिथि बार एसोसिएशन महामंत्री योगेश द्विवेदी रहे।
रानी लक्ष्मीबाई व मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण के पश्चात दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ की वाणी वंदना से कार्यक्रम का आगाज हुआ। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने नारी सशक्तिकरण पर कालजयी चिंतन देते हुए, “देश ही मेरा सबकुछ है मैं देश की दीवानी हूँ, मुझको अबला मत समझो मैं झांसी वाली रानी हूँ” सुनाकर पूरी महफिल लूट ली।
आयोजन कर रहे शहीद स्थल करारी निदेशक प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने, “झांसी की रानी का पानी हिंदुस्तानी बोला, भागो फिरंगी हिंदुस्तान ये हमारा है, दत्तक दामोदर को बांध पीठ कूदी समर, ब्रह्म तेज जागा अरि सैन्य को ललकारा है” सुनाकर जन-जन को रोमांचित कर दिया। धर्मेश चौहान ने देशगीत, दयानंद दयालू ने लोकभाषा और मदन चौबे ने अपनी समसामयिक रचना से गतिज ऊर्जा दी।
सोन साहित्य संगम प्रमुख राकेश शरण मिश्र ने अठारह सौ सत्तावन की शेरनी महारानी को याद करते हुए भावप्रधान रचना पाठ से सबको ऊर्जा दी। शहीद स्थल उपधी के सुधाकर पांडेय ‘स्वदेश प्रेम’ ने वंदेमातरम् जय हिंद शीर्षक की रचना का ओजस्वी पाठ कर लोगों को देश की दशा-दिशा का स्मरण कराया। अजय चतुर्वेदी ‘कक्का’ ने हास्य व्यंग्य और समकालीन रचना तथा समाज व देश की विसंगति पर टिप्पणी कर मन लुभाया। विवेक चतुर्वेदी ने शायरी, “बात कहने का सलीका क्या है ये तुम्हें शायरी सिखायेगी” सुनाकर वाहवाही लूटी।
ओज के सशक्त हस्ताक्षर प्रभात सिंह चंदेल ने ‘सैनिक की पाती’ रचना से अमिट छाप छोड़ी। सोन संगीत फाउंडेशन प्रमुख सुशील मिश्रा ने सस्वर देशगीत गाकर शहीदों को याद किया। संचालक अशोक तिवारी ने “खौफ है नहीं कोई धूप में नहाने से” काव्य पाठ कर महारानी को याद किया। आयोजन देर शाम तक चलता रहा। आभार ऋषभ त्रिपाठी ने व्यक्त किया।
सोनभद्र बार एसोसिएशन सांस्कृतिक साहित्यिक प्रकोष्ठ व शहीद स्थल करारी की ओर से आयोजित इस आयोजन में लोग देर शाम तक जमे रहे। इस अवसर पर त्रिपुरारी मिश्रा, प्रदीप सिंह, जयशंकर त्रिपाठी, ओमप्रकाश पाठक, गोपाल बंगाली, बंटी, हर्ष, देवानंद पांडेय, गुलाम हुसैन, फारुख अली हाशमी, ठाकुर कुशवाहा, पुरुषोत्तम मौर्य, अंशिका, आद्या, समता, गीता, गौर, एडवोकेट अजीत शुक्ल, नंदलाल आदि रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1566
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?