सोनभद्र में तेज रफ्तार का कहर, कार और टीपर की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, तीन घायल – CCTV में कैद खौफनाक मंजर

IMG 20261113 104505
IMG 20261113 104505

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

डाला (सोनभद्र)। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर चोपन थाना क्षेत्र के डाला चौकी क्षेत्र में वैभव मंडपम के सामने तेज रफ्तार कार और टीपर में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के कुछ ही मिनट बाद कार आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें हादसे से लेकर कार में आग लगने तक का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोपन की ओर से डाला की तरफ आ रही कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सामने से आ रहे टीपर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टीपर चालक भी गाड़ी से उतर कर भागता नजर आया।

हादसे के तुरंत बाद कार से धुआं और फिर आग की लपटें उठने लगीं। कार के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोग दौड़ पड़े। लोगों की तत्परता से कार में सवार तीनों युवकों को चालक समेत समय रहते बाहर निकाल लिया गया। अगर कुछ मिनट की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घायलों की पहचान हिमांशु सिंह पुत्र प्रीतम सिंह उम्र 23 वर्ष, सत्यार्थ सिंह पुत्र सर्वजीत सिंह उम्र 18 वर्ष और अविनाश सिंह पुत्र मनोज सिंह उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आश्रम मोड़, थाना म्योरपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। तीनों को मामूली चोटें आई हैं।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन आग इतनी भीषण थी कि जब तक काबू पाया जाता कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार का जुनून किस तरह जान पर भारी पड़ सकता है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1565
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?