भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, सर्वसमाज की रही व्यापक सहभागिता
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में बुधवार को भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
पूजन समारोह की खास बात सर्वसमाज की व्यापक सहभागिता रही। आयोजन में विभिन्न जाति एवं धर्मों के लोगों ने उत्साहपूर्वक शामिल होकर सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा आयोजन भक्तिमय एवं उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।
संध्या आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त की आराधना की। इसके उपरांत प्रसाद भोज का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
आयोजन में अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, महामंत्री अजय श्रीवास्तव, शिव नारायण लाल श्रीवास्तव, डॉ. कुसुमाकर श्रीवास्तव, गणेश श्रीवास्तव, प्रभाकर श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, प्रकाश श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, शांतनु विश्वास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।









