अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)।जनपद में हब फार इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार को सदर विकास खण्ड के जैत गांव में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य, महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया गया।
इस दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 112, 1098, 181 और 1090 की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना में इन नंबरों पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
वही नशा मुक्ति अभियान के तहत बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बाल विवाह की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।
इस कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नीतू यति सिंह, पुलिस विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट सीमा द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं बच्चों ने प्रतिभाग किया।









