जय बजरंग सेवा समिति की पहल लाई रंग, छठ घाट की हुई सफाई
म्योरपुर (सोनभद्र)। छठ महापर्व को लेकर म्योरपुर कस्बा स्थित बजरंग बली मंदिर के पास छठ घाट की साफ-सफाई समिति द्वारा कराई गई। जय बजरंग सेवा समिति के कार्यकर्ताओं की पहल से सफाई अभियान को नया रूप मिला है।
समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने छठ पर्व को देखते हुए घाट और मैदान परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर जमी गंदगी, झाड़ियां और कचरे को हटाया गया। साथ ही मैदान परिसर में मिट्टी डालकर जमीन को बराबर किया गया, जिससे व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समिति के सदस्यों के अथक प्रयास से मजदूर लगाकर पूरे घाट परिसर की साफ-सफाई कराई गई। कार्यकर्ताओं ने खुद भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान किया। समिति की इस पहल से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
बुधवार को ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने भी छठ घाट का दौरा कर सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने समिति के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था का महापर्व है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जय बजरंग सेवा समिति ने समय से पहले ही पहल कर घाट को साफ-सुथरा कर दिया है। इससे छठ व्रतियों को काफी राहत मिलेगी।
जय बजरंग सेवा समिति के अध्यक्ष गणेश जायसवाल की अध्यक्षता में सफाई अभियान को संपन्न कराया गया। इस दौरान इम्तियाज आलम, गोलू अग्रहरि, भोलू जायसवाल, मनोज जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व तक घाट पर प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्था भी कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।









