बिजली के पोल तार लगे, लेकिन गांव में नहीं होती आपूर्ति; जंगल के बीच बसे आदिवासी गांव के लोगों की बढ़ी मुश्किलें
म्योरपुर / सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुलडोमरी के बरोहिया गांव में पिछले 18 वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने से उसका वजूद ही मिटने लगा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और बिखरे पत्थर राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। सोलिंग के नाम पर स्थानीय पत्थर बिछाकर बनाई गई सड़क में गिट्टी तक का पता नहीं है। हालत यह है कि सड़क पर पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है।
जंगलों के बीच बसे इस आदिवासी बाहुल्य गांव के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए इसी जर्जर रास्ते से गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को होती है। खराब सड़क के चलते मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में रास्ते की हालत और बदतर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण आवागमन का संकट बना हुआ है।
गांव की समस्या सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं है। बिजली के पोल और तार लगाए जाने के बावजूद गांव में बिजली की आपूर्ति नहीं होती है। इससे ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ती है। विकास के दावों के बीच सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित गांव की स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीण लखन, सुनीता, देवबरन, रामलल्लू, देवधरी और सोमारी देवी ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जर्जर सड़क की मरम्मत कराने और गांव में नियमित बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आदिवासी बाहुल्य गांव के लोगों को भी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें आवागमन और बिजली के लिए परेशान न होना पड़े।









