कुशवाहा भवन में धूमधाम से मनाया गया दीपदान उत्सव, मेधावी विद्यार्थियों समाज के विशिष्ट व्यक्तियों का हुआ सम्मान
सोनभद्र। नगर स्थित कुशवाहा भवन में मंगलवार को दीपदान उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रीवा विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश के हिंदी संकायाध्यक्ष प्रो. डॉ. दिनेश कुशवाह ने तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को जागरूक और संगठित रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से समाज के उन वरिष्ठ व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अध्यक्षता करते हुए मोहन कुशवाहा ने कहा कि समाज के लोग शिक्षित और जागरूक बनकर देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से एक परिवार की गरीबी दूर की जा सकती है। कार्यक्रम संयोजक पंकज कुशवाहा ने कुशवाहा भवन के निर्माण में संरक्षक सदस्यों के संघर्ष और योगदान को याद किया।
कुशवाहा समिति के सचिव प्रो. डॉ. संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही परिवार और देश का विकास संभव है। विकसित देशों की प्रगति का आधार उनकी बेहतर शिक्षा व्यवस्था है। मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. दिनेश कुशवाह ने कहा कि बच्चों को समानता के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना होगा। समाज में बदलाव के लिए शिक्षा जरूरी है। उन्होंने भगवान बुद्ध के संदेश ‘अप्प दीपो भव’ का अर्थ समझाते हुए स्वयं जागरूक होकर दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन रविप्रकाश मौर्य और डॉ. दिनेश सिंह ने किया। इस दौरान मीडिया प्रभारी मनोज मौर्य, कोषाध्यक्ष शशिकांत वर्मा, आय-व्यय निरीक्षक रविकांत कुशवाहा, अरुण सिंह, किशोरी लाल, राजकुमार मौर्य, डॉ. विनोद मौर्य, राहुल मौर्य, अमरदेव, बल्लू मौर्य सहित सैकड़ों समाज के लोग उपस्थित रहे।









