मौके पर मिले कीड़ों के काटने के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर क्षेत्र के किरवानी गांव निवासी करीब 55 वर्षीय संतोष पठारी पुत्र कालिका प्रसाद की जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को जंगल में उनका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार संतोष पठारी गुरुवार 6 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे लकड़ी काटने के लिए जंगल गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शनिवार को परिजन जंगल में खोजबीन कर रहे थे, तभी वह मृत अवस्था में मिले। इसकी सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर मृतक के पास कुल्हाड़ी और लकड़ी का बंडल मिला। पुलिस के प्रारंभिक निरीक्षण में शरीर पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान नहीं मिले, जबकि शरीर पर कीड़ों के काटने के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।









