नवीन कुमार
- बस्ती के समीप तालाब में मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवाटन में शनिवार दोपहर उस समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जब नसीमुद्दीन के तालाब में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल में मगरमच्छ का एक बच्चा फंस गया। जाल में फंसे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तालाब बस्ती के समीप होने के कारण ग्रामीणों में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर भय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर तालाब में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला गया था। इसी दौरान जाल में मछलियों के साथ मगरमच्छ का बच्चा भी फंस गया। जब लोगों ने जाल को बाहर निकालकर देखा तो उसमें मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी जानकारी तत्काल तालाब मालिक नसीमुद्दीन को दी गई। उन्होंने बिना देर किए वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे अपने साथ ले गई। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बस्ती के नजदीक स्थित तालाब में मगरमच्छ मिलने की घटना से लोगों में अब भी भय का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह मगरमच्छ मिलने की यह पहली घटना है। आबादी के नजदीक तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी से बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आसपास के तालाबों और जलस्रोतों की जांच कराने तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करने की मांग की है।









