राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में AAI-SREM 2026 कार्यक्रम का चौथा दिन, AI से स्मार्ट ऊर्जा प्रबंधन पर चर्चा
सोनभद्र। स्मार्ट नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन में एआई के अनुप्रयोग (AAI-SREM 2026) पर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम (26 से 30 अक्टूबर) के चौथे दिन विभिन्न तकनीकी सत्र हुए।
उद्घाटन सत्र में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र तथा सम्राट अशोक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मिर्जापुर के निदेशक प्रोफेसर के. एस. वर्मा ने बिजली के उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने फैक्ट्स (FACTS), ओपन पावर मार्केट और नवीकरणीय ऊर्जा प्रबंधन में AI के अनुप्रयोगों पर चर्चा की।
दूसरे सत्र में सम्राट अशोक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, मिर्जापुर के विद्युत विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वी. पी. सिंह ने पावर सिस्टम में साइबर हमलों की पहचान और प्रभाव कम करने की रणनीतियों पर बताया।
अगले सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रिंस राजपूत ने AI द्वारा सौर और पवन ऊर्जा को अधिक स्मार्ट बनाने के तरीकों को स्पष्ट किया। अंतिम सत्र में विद्युत विभाग के प्रोफेसर संजय मौर्य ने बैटरी क्षरण विश्लेषण में मशीन लर्निंग दृष्टिकोण और बैटरियों के शेष उपयोगी जीवन के पूर्वानुमान पर फोकस किया।
समापन पर कार्यक्रम संयोजक एवं विभागाध्यक्ष राम ईश्वर वैस तथा समन्वयक डॉ. अनुराग सेवक, डॉ. मैनेजर यादव एवं डॉ. राखी यादव ने वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान डॉ. पी. के. वर्मा, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, आसिफ खान, खुशबू सिंह, रवि प्रताप सिंह, पद्माकर त्रिपाठी, रोहित शुक्ला एवं सोनू सिंह उपस्थित रहे।









