राष्ट्रपति राज्यपाल से थे सम्मानित, 87 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस; साहित्य जगत में शोक की लहर
सोनभद्र। जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं राष्ट्रपति और राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक डॉ. अर्जुनदास केसरी का सोमवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से जिले के साहित्य और शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
निधन की खबर मिलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का उनके आवास पर तांता लग गया। लोगों ने उनके निधन को जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद के शव वाहन से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया गया। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय कुमार जैन, कृष्ण मुरारी गुप्ता, ओमप्रकाश त्रिपाठी, फरीद अहमद, अनवर अली, सुशील पाठक, रविंद्र केसरी, आशुतोष सहित परिवार के सदस्य शामिल रहे।









