चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में पर्यावरण संरक्षण पर एक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। यह सोमवार को राजदरी-देवदरी इको पर्यटन स्थल पर आयोजित किया गया। इसका आयोजन काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर वाराणसी के चंद्रप्रभा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी अखिलेश कुमार दुबे ने किया।

कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय जमसोती के शिक्षक, छात्र, ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी शामिल हुए। उन्हें पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधनों, वन, वन्यजीव और जैव विविधता की सुरक्षा का महत्व समझाया गया।
बच्चों और ग्रामीणों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी उठाने, जंगलों व वन्यजीवों की रक्षा करने और पर्यावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया। इको पर्यटन को बढ़ावा देने और राजदरी-देवदरी जैसे स्थलों को स्वच्छ रखने पर भी जोर दिया गया।

वन विभाग ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ विभाग की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों को सुरक्षित रखा जा सकता है।









