चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र के छह पहलवानों का चयन राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक गोरखपुर जिले के सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों में तीन पुरुष और तीन महिला पहलवान शामिल हैं। सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन करते हुए नौगढ़ और चंदौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में अभय यादव का 70 किलोग्राम, कमलेश कुमार का 79 किलोग्राम और विशेष का 63 किलोग्राम भार वर्ग में चयन हुआ है। वहीं, महिला वर्ग में प्रीतम कुमारी का 50 किलोग्राम, पूजा कुमारी का 55 किलोग्राम और वंदना का 57 किलोग्राम भार वर्ग में चयन किया गया है।
खिलाड़ियों का चयन चंदौली कुश्ती संघ के अध्यक्ष नीरज यादव, राष्ट्रीय पहलवान मनीष यादव एवं विनोद यादव, कोच चंदन यादव और खेलो इंडिया कुश्ती कोच रामजन्म यादव की देखरेख में किया गया। जनपद स्तरीय ट्रायल झांसी स्थित डॉ. सुधीर रेसलिंग एकेडमी, लौदा में आयोजित हुआ था। ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
नौगढ़ के छह खिलाड़ियों के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और क्षेत्रीय लोगों ने चयनित पहलवानों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। अब सभी चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयारी में जुटेंगे।









