सोनभद्र। माँ शारदा शिक्षा एवं सेवा ट्रस्ट राबर्ट्सगंज सोनभद्र द्वारा इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘ठाकुर प्रसाद सिंह स्मृति साहित्य सम्मान-2026’ प्रख्यात लेखिका मनीषा कुलश्रेष्ठ को प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
विंध्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राबर्ट्सगंज द्वारा बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अंजलि विक्रम सिंह ने बताया की ट्रस्ट चयन समिति ने सर्वसम्मति से उनके उत्कृष्ट साहित्यिक अवदान और हिन्दी साहित्य में उनकी विशिष्ट पहचान को रेखांकित करते हुए उनके नाम पर मुहर लगायी।
निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. हेमन्त शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार), डॉ. उमेश प्रसाद सिंह (वरिष्ठ ललित निबन्धकार), प्रो. ओमप्रकाश सिंह (हिन्दी विभाग, जेएनयू), डॉ. रविनन्दन सिंह (सम्पादक- सरस्वती पत्रिका), डॉ. अजय कुमार सिंह (चीफ ट्रस्टी/सचिव) शामिल रहे।
ट्रस्ट के सचिव डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह पुरस्कार 18 नवम्बर बुधवार को विंध्य कन्या महाविद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर प्रदान किया जायेगा, जिसमें कई जाने-माने साहित्यकार, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक भाग लेंगे।









