अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के बाड़ी गांव में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। वही सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक के शव को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं और कुछ लोग घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका भी जता रहे हैं। हालांकि मौत की असली वजह क्या है, यह पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र के बाड़ी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब बाड़ी गांव टावर के पास जयराम पांडेय पुत्र सुदामा पांडेय (45 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। बुद्धवार की सुबह शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
वही सूचना मिलते ही डाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने या वाहन के बैक करने के दौरान हादसा होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं शव मिलने की परिस्थितियों को लेकर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि यह महज लोगों की आशंका है और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि 45 वर्षीय जयराम पांडेय की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई।
शव मिलने की खबर परिजनों तक पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है। डाला पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









