सोनभद्र। भाजपा जिला कार्यालय मंत्री व वार्ड नंबर 18 सभासद प्रतिनिधि बलराम सोनी तथा वरिष्ठ नागरिक हनुमान दास केशरी के साथ वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पर विरोध जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में आग्रह किया गया है कि नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज के दोनों तरफ लगभग 166-166 मीटर बंद किया जाना है। जनहित, व्यापारी हित और क्षेत्रवासियों व रहवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ब्रिज के दोनों तरफ लगभग 4-4 पीलर और बढ़ा दिए जाएं, तो सभी के लिए हितकारी साबित होगा। इससे क्षेत्रवासियों के भविष्य के लिए भी काफी महत्वपूर्ण और हितकारी परिणाम निकलेंगे।
जिलाधिकारी ने इस विषय पर उचित और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


इससे पहले जनपद के प्रभारी मंत्री तथा सदर विधायक भूपेश चौबे को भी वार्ड नंबर 18 टीचर्स कॉलोनी की सभासद नेहा सोनी द्वारा सुझावपूर्ण आग्रह पत्र देकर आग्रह किया जा चुका है। इन सभी जनप्रतिनिधियों का इस विषय पर सकारात्मक रुख है और सार्थक प्रयास किया जा रहा है। सभी नागरिकों को इन जिम्मेदार लोगों से और भी सार्थक प्रयास का विश्वास है।
इस मौके पर ज्ञान केशरी, बच्चा केशरी, राजू मद्धेशिया, आनंद केशरी, बिट्टू केशरी, गुड्डू अग्रहरी, दिनेश सहित कई नागरिक उपस्थित रहे।









