चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के जयमोहनी रेंज में वन विभाग की टीम ने अवैध ढोका पत्थर का परिवहन कर रहे एक मिनी ट्रेलर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। हालांकि वाहन चालक वन विभाग की टीम को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन को अवैध पत्थर समेत सीज कर सुरक्षित खड़ा करा दिया है और फरार चालक व वाहन स्वामी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह करीब 4:30 बजे जयमोहनी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जयमोहनी पोस्ता वन चौकी के पास एक मिनी ट्रेलर अवैध रूप से ढोका पत्थर लादकर परिवहन करते हुए दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने वाहन को रोकने के लिए हाथ देकर संकेत किया। चालक ने पहले वाहन की गति धीमी की, लेकिन अचानक रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया। वन दरोगा सोमेश कुमार और वीरेंद्र पाण्डेय ने मुख्य मार्ग से वाहन का पीछा किया, जबकि वनरक्षक चंद्रशेखर और मनीष गुप्ता जंगल के वैकल्पिक कच्चे रास्ते से आगे बढ़कर घेराबंदी करने में जुट गए। करीब आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद टीम ने वाहन को चारों ओर से घेरकर रोक लिया। खुद को घिरा देख चालक मिनी ट्रेलर मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने मिनी ट्रेलर को अवैध ढोका पत्थर समेत सीज कर वन परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया। फरार चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देशन में जयमोहनी रेंज क्षेत्र में अवैध खनन और पत्थर के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा सोमेश कुमार, वीरेंद्र पाण्डेय तथा वनरक्षक चंद्रशेखर, मनीष गुप्ता समेत अन्य वनकर्मी शामिल रहे।









