नवीन कुमार
मदिरापान करने वालों को पंडाल व जुलूस में नहीं देंगे प्रवेश
पीस कमेटी की बैठक में दुर्गा पूजा व रामलीला समितियों को दिलाई गई शपथ
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र में होने वाले दुर्गा पूजा और रामलीला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार को कोन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। थाना निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र की दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पदाधिकारियों व सदस्यों को मांस-मदिरा का सेवन नहीं करने तथा मदिरापान करने वालों को पंडाल और जुलूस में प्रवेश नहीं देने की शपथ दिलाई गई।
थाना निरीक्षक ने समितियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक समिति अपने सदस्यों की पहचान के लिए सदस्यता कार्ड बनवाकर गले में पहनाए, ताकि आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों की आसानी से पहचान हो सके। डीजे की आवाज निर्धारित 75 डेसीबल से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही डीजे की ऊंचाई पिकअप वाहन की ऊंचाई से अधिक नहीं रखने तथा डीजे की छत पर किसी भी व्यक्ति को बैठने की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली की व्यवस्था पूरी तरह करंटरोधी एवं सुरक्षित होनी चाहिए। प्रत्येक पंडाल में निगरानी समिति गठित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। पंडालों के पास बाल्टी में पानी और बालू की व्यवस्था रखने के साथ संभव हो तो फायर सेफ्टी उपकरण भी रखने को कहा गया।
बैठक में समिति के सदस्यों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं मांस-मदिरा का सेवन नहीं करेंगे और मदिरापान करने वाले किसी व्यक्ति को पंडाल में प्रवेश नहीं करने देंगे। जुलूस में भी नशे का सेवन करने वाले लोगों को शामिल नहीं किया जाएगा।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, ग्राम प्रधान सरफराज अहमद, संतोष पासवान, चंद्रशेखर, प्रदीप कन्नौजिया, बाबूलाल यादव, विकलेश कुमार, अरुण कुमार, चाची कला चौकी प्रभारी राकेश राय समेत क्षेत्र के दुर्गा पूजा व रामलीला समितियों के पदाधिकारी तथा सैकड़ों लोग मौजूद रहे।









