2 अक्टूबर को डिजिटल पेमेंट न लेने का ऐलान
सोनभद्र। UPI ट्रांजेक्शन पर व्यापारियों पर लगाए गए MDR शुल्क के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल की राष्ट्रीय बैठक मंगलवार को ऑनलाइन आयोजित हुई। इसमें देश के 18 राज्यों के व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि MDR शुल्क वापस होने तक चरणबद्ध संघर्ष जारी रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता एवं राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुन्द मिश्रा के नेतृत्व में प्रथम चरण में सभी प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया गया।
केन्द्रीय नेतृत्व के दूसरे चरण की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के दिन सभी व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान पर डिजिटल पेमेंट स्वीकार न करके अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे। यह शांतिपूर्ण विरोध केवल एक दिन का रहेगा।
आगे के आंदोलन की रणनीति शीघ्र ही केन्द्रीय कोर कमेटी की बैठक में तय की जाएगी।
उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल, सोनभद्र ने समस्त व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि 2 अक्टूबर को ऑनलाइन पेमेंट न लें और MDR शुल्क वापसी के इस संघर्ष में अपना योगदान दें। साथ ही ग्राहकों से भी इस संघर्ष में व्यापारियों को सहयोग देने का निवेदन किया गया है। मण्डल का कहना है कि MDR शुल्क न तो जनहित में है, न ही व्यापारी हित में।








