सीएचसी के अंदर घुसी भैंस, लोहे के चौखट में फंसा पैर, ग्रामीणों ने लोहे को तोड़कर भैंस का पैर निकला बाहर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के अमदहा चरनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक भैंस केंद्र के अंदर घुस गई। बाहर निकलने के दौरान उसका पैर लोहे के चौखट में फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी पैर नहीं निकलने पर ग्रामीणों ने चौखट तोड़कर भैंस को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार अमदहा चरनपुर निवासी मुन्नी लाल यादव अपनी भैंस को गोलाबाद रोड के किनारे घास चराने के लिए लाए थे। इसी दौरान भैंस अचानक भागते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चली गई। केंद्र के दरवाजे पर लगे लोहे के गाटर से बने चौखट में भैंस का पैर फंस गया।

भैंस का पैर फंसने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पहले भैंस को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन पैर चौखट से नहीं निकल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने सब्बल और लोहे की रॉड की मदद से लोहे के चौखट को तोड़ने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने चौखट को तोड़कर भैंस का पैर बाहर निकाला और उसे सुरक्षित सीएचसी से बाहर ले गए। घटना में भैंस को कोई गंभीर चोट नहीं आई। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?