चंदौली जिले नौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शमशेरपुर के अतरवा गांव में गुरुवार को हैंडपंप से पानी लेने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने फसलों में डालने वाला कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया।
अतरवा गांव निवासी लाल बहादुर की पत्नी सोनी दोपहर में घर के पास स्थित हैंडपंप से पानी लेने गई थी। आरोप है कि वहां उसके जेठ नंदलाल और बाबूलाल ने उसे पानी लेने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया।
पति लाल बहादुर के अनुसार, विवाद से आहत होकर सोनी घर लौट आई। कुछ देर बाद उसने गुस्से में घर में रखा फसलों में डालने वाला कीटनाशक पदार्थ पी लिया। कुछ ही समय बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी। उसके मुंह से झाग निकलने लगा। पड़ोस की महिलाओं ने उसे अचेत अवस्था में देखा तो इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी।
इसके बाद परिजन एंबुलेंस की मदद से सोनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।






