अमित मिश्रा
पांच प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर, सायंकाल जनपद के 19 स्थलों पर प्रज्ज्वलित होंगे ‘आशीर्वाद दीये’
सेवा, सहभागिता और सामाजिक सरोकार के साथ अभियान को बनाएं सफल — जिलाधिकारी चर्चित गौड़
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर तथा सायंकाल ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन पांच स्थानों पर आयोजित होंगे रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र म्योरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोरावल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चोपन, मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक तथा साईं हॉस्पिटल सोनभद्र नगर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के इस पुनीत कार्य में सहभागिता करने की अपील की है।
सायंकाल 19 स्थानों पर होगा ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत सायंकाल जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में निर्धारित स्थलों पर ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं बभनी के ग्राम पंचायत बभनी में विकास खण्ड परिसर। चतरा के पटना में नदी के किनारे तथा अईलकर में अमृत सरोवर। चोपन के गोठानी में गोठानी मंदिर तथा चोपन में जखही माता मंदिर। दुद्धी के बुटबेढ़वा में सूर्य मंदिर तथा जाबर में अमृत सरोवर। घोरावल के शिवद्वार में शिवद्वार मंदिर तथा मरसिआदिनाथ में अमृत सरोवर। करमा के सुकृत में बैजू बाबा मंदिर तथा करमा में हनुमान मंदिर। कोन के खेमपुर में अमृत सरोवर तथा बरहमोरी में अमिला धाम। नगवां के वैनी में अमृत सरोवर तथा खलियारी में खलियारी तालाब। म्योरपुर के जरहा में अजिरेश्वर महादेव मंदिर तथा कुण्डाडीह में आदर्श तालाब। सोनभद्र नगर में डायट कैम्पस तथा विकास खण्ड परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने जनपदवासियों से रक्तदान शिविर एवं ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की है।







