बाढ़ का खतरा, पानी में डूबा 10 साल का किशोर, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शाहगंज थाना क्षेत्र के बराक गांव में बाढ़ के पानी में करीब 10 साल के किशोर के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाकर किशोर की तलाश शुरू कर दी गई है।

उधर, जिले के प्रमुख बांधों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ओबरा डैम का जलस्तर 193 मीटर के पार पहुंच गया है और गेट नंबर-8 को करीब तीन फीट खोलकर पानी रेणु नदी में छोड़ा जा रहा है। रिहंद डैम का जलस्तर भी 263 मीटर तक पहुंच गया है। नगवां और धंधरौल डैम भी अपनी क्षमता के करीब बताए जा रहे हैं, जबकि कनहर डैम से भी पानी छोड़ा जा रहा है।

सोन नदी का जलस्तर 168.40 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान से करीब 2.6 मीटर नीचे है। नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

चकाड़ी, गुरूच, महलपुर, गोटानी, खैरटिया, वर्दिया और सिंदुरिया समेत सात गांवों के लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन और राहत टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

Leave a Comment

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?