फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलम, किया प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

“अयोध्या के लेखपाल उत्कर्षदीप के समर्थन में उतरे सोनभद्र के लेखपाल, थाना दिवस का किया बहिष्कार”

सोनभद्र। अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को राबर्ट्सगंज तहसील के लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल की। लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का अग्रिम पंक्ति का कर्मचारी है। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण समेत विभिन्न राजस्व कार्यों के लिए उसे गांव-गांव जाकर अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। आरोप लगाया कि कई बार नियमविरुद्ध कार्य से मना करने पर संबंधित व्यक्ति या दलाल रंजिश में झूठी शिकायत कर फंसाने का प्रयास करते हैं।
संघ का आरोप है कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि और रंजिश की पर्याप्त जांच किए बिना ही ट्रैप कार्रवाई कर दी जा रही है, जिससे लेखपालों में भय और असुरक्षा का माहौल है। संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता, लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को षड्यंत्र के जरिए फंसाया जाना स्वीकार नहीं होगा।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, की ये मांगें

  1. सोहावल प्रकरण की स्वतंत्र व उच्चस्तरीय जांच हो।
  2. सीसीटीवी फुटेज व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की समीक्षा की जाए।
  3. ट्रैप से पहले शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच अनिवार्य की जाए।
  4. एसीओ व विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट और पारदर्शी एसओपी जारी की जाए।
    हड़ताल में तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, मंत्री साजिद खान वारसी, भगवान, पंकज, मनीष सिंह, अनिल सिंह, वंदना, रेशमा, कल्पना, रूबी, संजीव, विवेकानंद तिवारी, सुधीर कुमार पटेल, कन्हैयालाल पटेल और हरेंद्र प्रसाद समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?