नहर की जद में जा रही जमीन, मुआवजे को तरसे ग्रामीण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

संवाददाता – वीरेंद्र कुमार

O- महुली में कनहर नहर परियोजना की जन चौपाल में किसानों ने उठाई आवाज, बोले- डूब क्षेत्र की तर्ज पर मिले उचित मुआवजा

विंढमगंज (सोनभद्र)। कनहर नहर परियोजना से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर शनिवार को महुली पंचायत भवन में जन चौपाल का आयोजन किया गया। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कनहर सिंचाई परियोजना खंड-4 के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान महुली, जोरूखाड़, फुलवार और पोलवा गांवों के किसानों ने नहर की जद में आ रही अपनी जमीन का उचित मुआवजा दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि कनहर नहर परियोजना के निर्माण से उनकी कृषि भूमि प्रभावित हो रही है, लेकिन कई किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है। किसानों का कहना था कि परियोजना के कारण उनकी खेती और आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा, इसलिए प्रभावित भूमि का नियमानुसार और न्यायोचित मुआवजा दिया जाना आवश्यक है।

डूब क्षेत्र को मिला लाभ, नहर प्रभावितों को अब भी इंतजार

ग्रामीणों ने बैठक के दौरान सवाल उठाते हुए कहा कि कनहर बांध के डूब क्षेत्र में आने वाले परिवारों की तीन पीढ़ियों तक को मुआवजा दिए जाने की बात सामने आई है, जबकि नहर परियोजना से प्रभावित महुली, जोरूखाड़, फुलवार और पोलवा के कई किसानों को आज तक उनका हक नहीं मिल पाया है।

किसानों ने मांग की कि विभाग भूमि अभिलेखों की जांच कर पात्र किसानों की सूची तैयार करे और शीघ्र मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू करे। ग्रामीणों का कहना था कि विकास परियोजनाओं का वे विरोध नहीं करते, लेकिन अपनी पुश्तैनी जमीन खोने के बदले उचित मुआवजा मिलना उनका अधिकार है।

अधिकारियों ने दिया नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन

जन चौपाल में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि सभी शिकायतों और भूमि संबंधी दावों की समीक्षा की जाएगी तथा जो भी नियमों के तहत पात्र होगा, उसे उसका अधिकार दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता नीरज कुमार, अधीक्षण अभियंता कुंज बिहारी सिंह, सहायक अभियंता त्रिलोक नाथ झा, अशोक कुमार पांडेय, गुरु प्रसाद, संजय कुमार गुप्ता, सिकंदर शकील, अवर अभियंता आनंद कुमार, मनकेश कुमार, राजेश पटेल, वीरेंद्र कुमार, शिवानंद पाल तथा अनुज कुमार मौजूद रहे।

सैकड़ों ग्रामीणों की रही भागीदारी

जन चौपाल में ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल, मंडल अध्यक्ष विंढमगंज वीरेंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान फुलवार दिनेश यादव, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रामकुमार यादव, मुकेश कुमार गुप्ता, रामलखन यादव, राजकुमार यादव, मुलायम यादव, अरुण कुमार गुप्ता, सुधीर कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराएगा। फिलहाल नहर परियोजना से प्रभावित गांवों के किसानों की नजर विभागीय कार्रवाई और मुआवजा वितरण की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?