चंदौली जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के देवखत गांव में गुरुवार रात आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, देवखत गांव निवासी गुलाब की बेटी शुषमा गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने घर के आंगन में बने टीनशेड के नीचे खाना खाकर सोने रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। देखते ही देखते आकाशीय बिजली उनके आंगन में गिरी, जिसकी चपेट में आने से सुषमा गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
कुछ दूरी पर मौजूद पिता गुलाब ने घटना देखी तो तुरंत बेटी के पास पहुंचे और परिजनों की मदद से निजी वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सत्या तथा स्वास्थ्यकर्मी राहुल ने तत्काल महिला का प्राथमिक उपचार किया।
डॉ. सत्या ने बताया कि महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हुई है। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उसका उपचार तुरंत शुरू कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति सामान्य है और वह फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और टीनशेड के नीचे रहने से बचने तथा बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।






