नौगढ़ में वन विभाग की बड़ी करवाई, 30 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया अवैध कब्जा, कार्रवाई के दौरान टीम पर पथराव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ उप वन प्रभाग के अंतर्गत भैसोड़ा कंपार्टमेंट संख्या-14, ग्राम भरदुवा की सरकारी वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बुधवार को प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। करीब 30 हेक्टेयर वन भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर धान और मिर्च की फसल बोई गई थी। टीम ने रोटावेटर चलाकर पूरी फसल नष्ट कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

बताया गया कि वन भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने डीएफओ रामनगर को दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को पत्र के माध्यम से वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने सरकारी वन भूमि को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में एसडीएम नौगढ़ अमरचंद वर्मा, सीओ नौगढ़ देवेंद्र कुमार और तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में नौगढ़, चंद्रप्रभा और मझगांई रेंज की वन टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान रोटावेटर से लगभग 30 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी अवैध धान और मिर्च की फसल को नष्ट किया गया। पानी भरा होने के कारण टेंच और गड्ढों की खुदाई नहीं हो सकी। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए चार जेसीबी मशीनों से सुरक्षा खाई खुदवाई गई और भूमि को वन विभाग के कब्जे में ले लिया गया। अधिकारियों के अनुसार अब क्षेत्र में 24 घंटे गश्त की जाएगी।

अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना में वन दरोगा प्रशांत, वनरक्षक मुलायम, भोला, प्रमोद तथा तीन-चार लेखपाल घायल बताए गए हैं। एक दैनिक कर्मचारी मंजू के साथ भी मारपीट की गई।

डीएफओ बी. शिवशंकर ने कहा कि सरकारी वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और वनकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी।

एसडीएम अमरचंद वर्मा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ शांति भंग, सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने लोगों से वन भूमि पर अवैध कब्जा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वन भूमि राष्ट्रीय संपत्ति है और अतिक्रमण मिलने पर कब्जा हटाने के साथ वन अपराध का मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?