जिलाधिकारी ने नवाचार के रूप में मनाया जन्मदिन,भोजन कर किया संवाद “

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

“कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं संग केक काटा

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने जन्मदिवस को एक नवाचार के रूप में मनाते हुए मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग मिर्जापुर आरुषि मिश्रा भी उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं और उनके साथ भोजन भी ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं स्वच्छता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और छात्राओं से फीडबैक भी लिया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। उन्होंने पूछा कि छात्राएं भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और देश के विकास में कैसे योगदान देना चाहती हैं। छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, तकनीक और सेना सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राएं अपनी क्षमता पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के विशेष अवसरों को विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं अन्य बाल संस्थानों में जाकर बच्चों के साथ साझा किया जाए। अधिकारियों द्वारा बच्चों के बीच समय बिताने से उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास होगा।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल माध्यम से दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया। उन्होंने डिजिटल संसाधनों के उपयोग और शिक्षण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और कहा कि आधुनिक तकनीक से शिक्षा को और अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में आने-जाने के मार्ग, पठन-पाठन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का तत्काल आकलन कर प्रस्ताव/मांग पत्र प्रस्तुत किया जाए। छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण देने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता पर उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?