“ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़कर 600, 5 लाख तक कैशलेस इलाज और नई बैरक की सौगात”
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के हित में की गई घोषणाओं से सोनभद्र के पीआरडी जवानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
राबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर प्रांतीय रक्षक दल अवैतनिक कल्याण समिति के बैनर तले जवानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और सरकार के फैसले को अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
मुख्य घोषणाएं ड्यूटी भत्ता बढ़ा दैनिक ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किया गया।,कैशलेस चिकित्सा जिले के 445 से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी। ,नई बैरक लखनऊ के ग्राम परवर पश्चिम, सरोजनीनगर में 23 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक बनाई जाएगी। इसे जवानों के लिए आवासीय सुविधा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ चुनाव, यातायात व्यवस्था, मेले, धार्मिक आयोजन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में भत्ते में बढ़ोतरी और कैशलेस इलाज की सुविधा से जवानों की आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी चिंता कम होगी।
स्वर्ण जयंती चौक पर खुशी जताते हुए जवानों ने कहा कि सरकार ने पीआरडी स्वयंसेवकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा किया है।
इस अवसर पर समिति के जिलाध्यक्ष दशरथ, महामंत्री विमलेश सिंह, संगठन मंत्री सरफराज शाह, जयमणि शर्मा, इंद्र बहादुर गिरी, ओमप्रकाश देव पांडेय, बृजेन्द्र प्रसाद, सुरेश प्रसाद, राजमनी शर्मा, बाबूलाल भारती और रामविलाश सहित अन्य पीआरडी जवान मौजूद रहे।






