15 अगस्त को नौगढ़ में बनेंगी चार ‘वंदे मातरम् वाटिका’, एक साथ होगा पौधारोपण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नौगढ़, चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नौगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी गूंजेगा। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर-वाराणसी के अंतर्गत नौगढ़ क्षेत्र में चार ‘वंदे मातरम् वाटिका’ विकसित की जा रही हैं। इन वाटिकाओं के माध्यम से लोगों और पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

वन विभाग के अनुसार राजदरी और औरवाटाड़ जैसे प्रसिद्ध जलप्रपातों के साथ ही मझिगांई रेंज परिसर तथा नौगढ़-मधुपुर मार्ग स्थित हरितिमा पौधशाला के स्मृति उपवन में वाटिकाएं विकसित की जाएंगी। राजदरी जलप्रपात पर चंद्रप्रभा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे तथा औरवाटाड़ जलप्रपात पर वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ संजय श्रीवास्तव की देखरेख में पौधारोपण कराया जाएगा। वहीं मझिगांई रेंज परिसर में वन क्षेत्राधिकारी मोहन कुमार सिंह की देखरेख में कार्यक्रम होगा।

नौगढ़-मधुपुर मार्ग स्थित हरितिमा पौधशाला के स्मृति उपवन में भी ‘वंदे मातरम् वाटिका’ तैयार की गई है।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि यहां नीम, पीपल, जामुन और बेल सहित फलदार, औषधीय एवं पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त पौधे लगाए जाएंगे। वाटिकाओं की नियमित देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाले समय में ये स्थान स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों के लिए प्रकृति से जुड़ने के आदर्श केंद्र बन सकें।

डीएफओ बी. शिव शंकर ने निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे चारों वाटिकाओं में एक साथ पौधारोपण कराया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

वन विभाग का उद्देश्य इन वाटिकाओं को भविष्य में नौगढ़ की पर्यावरणीय पहचान के रूप में विकसित करना है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के साथ लोगों को हरियाली, जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी देगा।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?