नौगढ़ में आंगन में स्नान करने गई वृद्धा को सांप ने डसा, चार डोज एंटी स्नेक वेनम से बची जान, दो घंटे बाद आया होश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के मझगाई गांव में सोमवार सुबह आंगन में स्नान करने गई 70 वर्षीय वृद्धा को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। गंभीर हालत को देखते हुए महिला को एंटी स्नेक वेनम के चार डोज दिए गए। करीब दो घंटे के उपचार के बाद महिला को होश आया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मझगाई गांव निवासी तेतरी देवी (70) सुबह घर के आंगन की तरफ स्नान करने गई थीं। इसी दौरान उनके पैर में सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक उनकी हालत बिगड़ चुकी थी और वह अचेत होकर गिर पड़ी थीं। उस समय परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत में गए हुए थे।

खेत से वापस लौटने पर परिजनों ने तेतरी देवी को बेहोशी की हालत में पाया। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद परिजन बिना देर किए उन्हें बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे।

सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ सिंह ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। उन्हें एंटी स्नेक वेनम के चार डोज दिए गए। चिकित्सकीय निगरानी और उपचार के करीब दो घंटे बाद महिला को होश आया। होश में आने के बाद तेतरी देवी ने कमजोरी महसूस होने की बात बताई। चिकित्सकों ने उन्हें अभी निगरानी में रखा है।

डॉ. सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचें। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?