क्षमता से अधिक सवारी ढोने पर होगी सख्त कार्रवाई
SP अभिषेक वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने शुरू किया विशेष निरीक्षण अभियान
सोनभद्र। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में बच्चों के आवागमन हेतु संचालित ऑटो, टोटो, वैन, बस एवं अन्य वाहनों का नियमित निरीक्षण किया जाए।
SP ने स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने पर संबंधित वाहन चालक एवं संचालक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक एवं यातायात संबंधी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने अपने क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई और चालकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में क्षमता से अधिक बच्चे न बैठाएं तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों और प्रबंधन समिति को निर्देशित किया गया कि विद्यालय द्वारा संचालित या अनुबंधित सभी वाहनों का समय-समय पर सत्यापन कराएं, प्रत्येक वाहन में निर्धारित क्षमता, फिटनेस, वैध परमिट, बीमा, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य अभिलेख सुनिश्चित करें,बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाहन संचालकों से सुरक्षा मानकों का पालन कराएं
सोनभद्र पुलिस द्वारा जनपद के सभी विद्यालयों एवं स्कूली वाहनों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।






