ग्राम पंचायत अरंगी में बनेगा आधुनिक भवन, पारदर्शी निर्माण के निर्देश
सोनभद्र। जनपद की ग्राम पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत अरंगी में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण हेतु 141.00 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह भवन शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी तरह पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो।
पारदर्शिता के लिए व्यवस्था कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा
- निर्माण की प्रारंभ, मध्य एवं अंतिम चरण की जियो-टैगिंग कराई जाएगी
- कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण किया जाएगा
- निर्माण स्वीकृत डीपीआर एवं तकनीकी मानकों के अनुसार ही होगा
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्था एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पंचायत उत्सव भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। इससे ग्राम पंचायत स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित भवन उपलब्ध हो सकेगा।






