राजदरी का नेचर सेंटर फिर खुला, पर्यटकों को मिली राहत, सुविधाओं के विस्तार की तैयारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नौगढ़ (चंदौली)। चंद्रप्रभा वन्यजीव प्रभाग स्थित राजदरी का नेचर सेंटर एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पिछले कई दिनों से तकनीकी कारणों के चलते बंद पड़े नेचर सेंटर के दोबारा शुरू होने से पर्यटकों ने राहत की सांस ली है। मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद वन विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए नेचर सेंटर को पुनः संचालित कर दिया।

वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण नेचर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले पर्यटक राजदरी क्षेत्र में पाए जाने वाले वन्यजीवों, दुर्लभ पशु-पक्षियों तथा जैव विविधता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों और चित्रों का अवलोकन कर सकेंगे। इससे पर्यटकों को क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर और वन संपदा के बारे में बेहतर जानकारी मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। जल्द ही नेचर सेंटर परिसर स्थित डॉरमेट्री हॉल को भी पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले सैलानियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले और चकरी को पुनः संचालित करने, परिसर में वाटर कूलर लगाने तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही सभी विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।

वन विभाग का कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद राजदरी आने वाले पर्यटकों को पहले से अधिक बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। इससे चंद्रप्रभा वन्यजीव प्रभाग में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

1523
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?