कपड़ा व्यवसायी के पुत्र पर जानलेवा हमला, हालत गम्भीर, ट्रामा सेन्टर रेफर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

अज्ञात लोगों ने किया प्रिंस कुमार पर जानलेवा हमला

मंगलवार की रात टहलने टहलने निकला था युवक

बभनी/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के डूभा बाजार में मंगलवार रात कपड़ा व्यवसाई के पुत्र पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी भेज दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार डूभा गांव निवासी प्रिंस कुमार पुत्र बिगन प्रसाद (23 वर्ष) मंगलवार की रात घर से टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान डूभा बाजार के पास अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल उपचार के लिए म्योरपुर सीएचसी ले गए।


चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर, वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है। युवक के पिता डूभा में कपड़ा व्यवसाई हैं ।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि हमला किन कारणों से हुआ और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।

इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि घटना की सूचना अभी तक थाने को नहीं मिली है। मामले की जानकारी कराई जा रही है। सूचना मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

1521
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?