चकरघट्टा थाने में पीआरडी जवान और सिपाही के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर; सीओ ने बैठाई जांच

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना परिसर में मंगलवार को ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान और एक सिपाही के बीच विवाद का मामला सामने आया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता और दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए थाना परिसर में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, चकरघट्टा थाने में तैनात पीआरडी जवान सुनील कुमार ने सीओ कार्यालय में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें आवश्यक फाइल लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय, नौगढ़ जाना पड़ा, जिसके कारण ड्यूटी स्थल पर पहुंचने में कुछ देर हो गई। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर थाने में तैनात सिपाही भूपेंद्र भारती ने उन्हें फटकार लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट की।

वहीं, सिपाही भूपेंद्र भारती ने भी आरोपों को निराधार बताते हुए अपनी तहरीर दी है। उनका कहना है कि पीआरडी जवान ने ही पहले अभद्र व्यवहार किया और लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि थाने में मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। दोनों कर्मियों के बीच केवल कहासुनी और तू-तू, मैं-मैं की स्थिति बनी थी, जिसे तत्काल शांत करा दिया गया।

इधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में चर्चा का माहौल है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?