नौगढ़ के जयमोहनी रेंज में बनेंगे तीन मॉडल वृक्षारोपण केंद्र, 40 हेक्टेयर में लगाए पौधों के संरक्षण का विशेष अभियान शुरू

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत जयमोहनी रेंज में 40 हेक्टेयर क्षेत्र में किए गए पौधारोपण को सफल बनाने के लिए वन विभाग ने संरक्षण और संवर्धन की विशेष कार्ययोजना लागू कर दी है। झुमरिया, मरवटिया और नौडीहवा में विकसित किए गए वृक्षारोपण स्थलों को अब मॉडल वृक्षारोपण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, वैज्ञानिक मॉनिटरिंग और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लगाए गए प्रत्येक पौधे को वृक्ष के रूप में विकसित किया जा सके।

मंगलवार को जयमोहनी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने प्राथमिक विद्यालय मरवटिया में ग्राम प्रधान ब्रह्मा वनवासी की अध्यक्षता में ग्रामीणों और वनवासी समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर पौधों के संरक्षण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने खेत की मेड़ पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।

सामाजिक वानिकी योजना के अंतर्गत झुमरिया में 20 हेक्टेयर, मरवटिया में 10 हेक्टेयर और नौडीहवा में 10 हेक्टेयर क्षेत्र में आम, महुआ, इमली, अमरूद, चिलबिल और जंगल जलेबी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

वन विभाग ने पौधों की अधिकतम जीवितता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। आवश्यकतानुसार टैंकर से सिंचाई कराई जाएगी, जबकि पौधों को पशुओं और अन्य नुकसान से बचाने के लिए वाचरों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा नियमित निराई-गुड़ाई, खाद और रखरखाव का कार्य भी कराया जाएगा। प्रत्येक स्थल की लगातार मॉनिटरिंग होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए वृक्ष के रूप में विकसित करना है। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों को सामुदायिक धरोहर मानते हुए उनकी सुरक्षा और देखभाल में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, ताकि हरित वातावरण और जैव विविधता संरक्षण का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।

Leave a Comment

1515
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?