किशोरी का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

O- परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम से लापता थी किशोरी,  पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदूर ग्राम पंचायत के ठूरुक्की टोला में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 12 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी का शव हथियार जंगल में एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ठूरुक्की टोला निवासी राम सूरत की 12 वर्षीय पुत्री अनीता मंगलवार शाम किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी। उस समय उसके पिता ट्रैक्टर चलाने के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां घर के कामकाज में व्यस्त थीं। देर शाम तक जब अनीता वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात भर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग हथियार जंगल की ओर गए तो उन्होंने एक पेड़ से किशोरी का शव लटकता देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल बभनी पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की ओर से मिली लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना पर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1547
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?