मतदेय स्थलो का सम्भाजन 1200 मतदाताओ के मानक पर होगा: जिला निर्वाचन अधिकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधयों के साथ की बैठक

3 जुलाई तक पूरी होगी संशोधन प्रक्रिया, निजी एवं अनुपयुक्त भवनों से हटेंगे मतदान केन्द्र

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन-2026) के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी दलों को अवगत कराया गया तथा प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन अधिकतम 1200 मतदाताओं के मानक के अनुरूप किया जा रहा है। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जर्जर भवनों, अनुपयुक्त स्थानों तथा आवश्यकतानुसार मतदान केंद्रों में संशोधन एवं स्थान परिवर्तन की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र को दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, निजी सामुदायिक भवन, विवाह घर अथवा किसी राजनीतिक व्यक्ति के स्वामित्व वाले भवन में संचालित नहीं किया जाएगा। ऐसे केंद्रों को उपयुक्त शासकीय अथवा सार्वजनिक भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। यदि कोई मतदान केंद्र निजी भवन में संचालित है और निकट में शासकीय भवन उपलब्ध है तो उसे भी स्थानांतरित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी मतदान केंद्र के संबंध में कोई सुझाव, संशोधन या आपत्ति हो तो उसे दो दिवस के भीतर लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं, ताकि जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। बैठक में यह भी बताया गया कि मतदान केंद्रों के नामों का मानकीकरण किया जाएगा तथा अभिलेखों में अंकित नाम ही स्थल पर प्रदर्शित किए जाएंगे।


बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों की दूरी, कम मतदाता संख्या वाले केंद्रों तथा अन्य विषयों पर अपने सुझाव रखे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सुझावों पर नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि भौतिक सत्यापन रिपोर्ट एवं राजस्व टीम की जांच के आधार पर आवश्यक संशोधन करते हुए 03 जुलाई तक अंतिम रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे मतदेय स्थलों के आलेख प्रकाशन की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला,  रामनिहोर यादव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, संतोष कुमार शुक्ला जिला महामंत्री भाजपा, नन्दलाल आर्य जिला मंत्री सीपीआई एम, डा0 ओम प्रकाश मौर्य प्रभारी बसपा, अमन कुमार मौर्य जिला महासचिव बसपा, रमेश गौतम जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी, अनवर अली अंसारी सूचना प्रभारी आम आदमी पार्टी, जगरूप सिंह पटेल सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित सम्बन्धितगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

1506
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?