दोनों म्योरपुर सीएचसी में भर्ती, बालिका जिला अस्पताल रेफर
म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात अलग-अलग घटनाओं में सर्पदंश से बालिका और सिंदूर पीने से किशोर अचेत हो गया। दोनों को सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया। महरीकला गांव निवासी 13 वर्षीय शिवम पुत्र विनोद ने सिंदूर पी लिया, जिससे वह अचेत हो गया। अचेतावस्था में परिजन उसे सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां इलाज चल रहा है। पिता ने बताया कि किशोर की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती। वहीं बभनी थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी 9 वर्षीय रजवंती पुत्री रामकेश शुक्रवार शाम घर से कुछ दूर नदी किनारे दोस्तों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के करीब चार घंटे बाद परिजन बालिका को निजी वाहन से सीएचसी म्योरपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. अराधना ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने लोगों से बरसात के मौसम में सावधानी बरतने और सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल ले जाने की अपील की है।






