नौगढ़ में 7 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के अमदहा चरणपुर गांव में सोमवार सुबह एक 28 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान सुमन (28 वर्ष), पत्नी श्याम बाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुमन सात माह की गर्भवती थी तथा उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। महिला की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद और झगड़े होते रहते थे। ऐसे में महिला की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस अभी मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर अमदहा चरणपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी है। वहीं पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में नौगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?