RLD युवा प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी बोले- “एक बूथ 10 यूथ” के मंत्र पर आगे बढ़ेगा संगठन, बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर
सोनभद्र। राष्ट्रीय लोकदल युवा की एक आवश्यक बैठक रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित सिंचाई डाक बंगले में जिला अध्यक्ष युवा प्रशांत विष्णु प्रताप के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में RLD युवा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। बैठक में संभावित यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष युवा रविंद्र सिंह पटेल के प्रस्तावित सोनभद्र कार्यक्रम, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि RLD युवा, किसान और आम जनता के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने “एक बूथ 10 यूथ” के मंत्र पर आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। आने वाले विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी, इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाए। जिला अध्यक्ष युवा प्रशांत विष्णु प्रताप सिंह ने कहा कि RLD युवा जनपद के सभी ब्लॉकों और तहसीलों में संगठन मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे और युवाओं को जोड़ने का अभियान चलाएंगे।बैठक में व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सचिन गुप्ता, छात्र प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सूरत चौबे, वीरेंद्र मिश्रा, रामसेवक पटेल, राजेंद्र पटेल, राजू पासवान, शिवपूजन दुबे, गणेश विश्वकर्मा, सूर्या यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






