अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के शाहगंज थाना का अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभिलेखों के रख-रखाव और थाना परिसर में साफ- सफाई के विशेष ध्यान देने का निर्देश सम्बन्धितों को दिया। इसके साथ ही थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल द्वारा थाना शाहगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा प्रबंधों एवं जनसेवा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, सीसीटीवी कंट्रोल व्यवस्था, बैरक, मेस, मालखाना एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने थाना अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों एवं अन्य महत्वपूर्ण पंजिकाओं का परीक्षण करते हुए उनके अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, थाना परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं जनसुनवाई से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता से संबंधित प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






