सोनभद्र -। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत एक माह तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सोनभद्र में शुक्रवार को “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की। इस दौरान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्रदान करते हुए योजना के विस्तार और नए प्रावधानों की जानकारी दी गई।
नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार ने पीएम स्वनिधि योजना का पुनर्गठन करते हुए इसे मार्च 2030 तक विस्तार देने का निर्णय लिया है। योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना तथा उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली ऋण किस्त की राशि 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त की राशि 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। वहीं तृतीय किस्त के रूप में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी किस्त का सफलतापूर्वक भुगतान करने वाले लाभार्थियों को 30 हजार रुपये तक के क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को परिचय बोर्ड, क्यूआर कोड, एलओआर (लेटर ऑफ रिकमेंडेशन) तथा ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यवसायियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऋण प्राप्त कर चुके सभी वेंडर्स की प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्र सरकार की आठ अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इच्छुक व्यवसायी नए ऋण अथवा व्यवसाय विस्तार के लिए नगर पालिका कार्यालय या जन सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी डूडा, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, सभासद मनोज चौबे, अनवर अली, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी व्यवसायी उपस्थित रहे।






