रालोद युवा के प्रदेश अध्यक्ष बोले- विवेक के नेतृत्व से युवा रालोद को मिलेगी नई ऊर्जा
सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल युवा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी नेतृत्व ने सोनभद्र निवासी विवेक चतुर्वेदी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। रालोद युवा के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर विवेक चतुर्वेदी को युवा राष्ट्रीय लोक दल का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है।
विवेक चतुर्वेदी को नियुक्ति पत्र देने के लिए लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि विवेक की संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व से युवा रालोद को नई ऊर्जा मिलेगी। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने में उनका योगदान अहम रहेगा।
मनोनयन की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं व समर्थकों में उत्साह का माहौल है। जिलाध्यक्ष रालोद श्रीकांत त्रिपाठी ने विवेक को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
विवेक चतुर्वेदी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत बनाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और संगठन के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ काम करेंगे।
जानकारी जिला मीडिया प्रभारी विकास पाण्डेय ने दी।






