ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोड़ बोले- योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी, 16 जून तक चलेगा मेला
म्योरपुर, सोनभद्र। “विकसित भारत की ओर 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा” अभियान के तहत म्योरपुर विकास खंड परिसर में शनिवार को तीन दिवसीय जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। यह मेला 14 से 16 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोड़ ने की। मेले में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि तथा ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रदर्शन किया और लोगों को सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोड़ ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं चला रही हैं। इनकी जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे ताकि पात्र लाभार्थी पूरा लाभ उठा सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे मेले न्याय पंचायत स्तर पर भी हों, जिससे अधिक ग्रामीण लाभान्वित हों।
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. लाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस विस्तार व आयुष्मान भारत योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। बाल विकास विभाग ने महिलाओं-बच्चों के पोषण, शिक्षा विभाग के डॉ. रजनीश श्रीवास्तव ने डीबीटी व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की जानकारी दी। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और योजनाओं की जानकारी ली।






