आरपीएफ बोली- सुबह मालगाड़ी चालक ने दी सूचना, पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा गया शव
म्योरपुर, सोनभद्र। दुद्धी थाना क्षेत्र के कटौंधी गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे कटौंधी के पास गुजर रही मालगाड़ी के चालक ने ट्रैक किनारे युवक का शव पड़ा देखा। चालक ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर आरपीएफ और दुद्धी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। प्राथमिक जांच में युवक की उम्र करीब 25-30 वर्ष आंकी जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के गांवों में युवक की फोटो भेजकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। शव की शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





