चंदौली जिले के नौगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को काशी वन प्रभाग के अंतर्गत जयमोहनी एवं मझगाई रेंज में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार ने सागौन का पौधा रोपित कर किया।

जयमोहनी रेंज के झुमरिया रोपावनी एवं मझगाई रेंज के चकरघट्टा प्रथम रोपावनी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र साहनी, रामवृक्ष कोल, मंडल उपाध्यक्ष अरविन्द तिवारी, मंडल मंत्री राजेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जयमोहनी एवं मझगाई रेंज के कुल 28 स्थलों पर पौधरोपण कार्य किया जा रहा है। इसके तहत जयमोहनी रेंज में लगभग 52 हजार तथा मझगाई रेंज में 32 हजार पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

मुख्य अतिथि सर्वजीत सिंह खरवार ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
इस अवसर पर वन दरोगा सोमेश कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह, शुभम, अभिषेक चतुर्वेदी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।






